CG Police Attack: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भूमि अधिग्रहण विवाद के दौरान पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में डीएसपी राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके का है।![]()
गिरफ्तारी के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीण जमीन के बदले जमीन देने की मांग कर रहे हैं। कुछ दिन पहले सर्वे के लिए पहुंची टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। इसी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी।
ग्रामीणों ने किया पथराव
पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव में डीएसपी राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
घायलों का इलाज जारी
घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद हालात को देखते हुए सूरजपुर सहित आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण विवाद के दौरान पुलिस टीम पर पथराव किया गया, जिसमें 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी का इलाज कराया जा रहा है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।


