Durg Murder: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान इलाके में ले गए थे। आरोप है कि वहां महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई को मजदूरी करने वाली महिला घर से काम के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला, जिसकी बाद में पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई।
सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोट
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलगांव थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। साथ ही आसपास के लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
रेप का विरोध करने पर महिला की हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले गए थे। वहां कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश की गई। महिला द्वारा विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि एक आरोपी ने कथित रूप से गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि दूसरे आरोपी ने पत्थर से हमला किया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े भी बदल दिए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।



