CG Flood: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार बारिश के बीच सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए जा रहे बिजली विभाग के कर्मचारियों की पिकअप उफनते नाले में बह गई। हादसे में तीन कर्मचारियों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी लापता है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।![]()
उफनते नाले को पार करते समय हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे खोरसी नाला के पुल पर हुई। बिजली विभाग के कर्मचारी पिकअप वाहन से बिजली सुधार कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने उफनते नाले को पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पुल से बह गई।
800 मीटर दूर तक बह गया वाहन
तेज बहाव के कारण पिकअप करीब 800 मीटर दूर तक बह गई। वाहन में सवार तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। वहीं एक कर्मचारी के वाहन में फंसे होने या बह जाने की आशंका है। फिलहाल उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रेस्क्यू जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। लापता कर्मचारी और वाहन की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बचाव दल के साथ मिलकर रस्सी खींचने और राहत कार्य में सहयोग किया।

