CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में जमकर बरसे बादल, रायपुर में आया बाढ़; घरों में घुसा पानी

Raipur Weather

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। रायपुर में महज आधे घंटे में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। टाटीबंध क्षेत्र में कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। इससे पहले शनिवार शाम हुई बारिश में मंडी गेट, भाजपा कार्यालय और रोहिणीपुरम कॉलोनी में भी पानी भर गया था।tcw

प्रदेश के दुर्ग, जगदलपुर, राजनांदगांव सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और अगले दो दिनों तक मध्य एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

सूरजपुर जिले के खड़गवा-गुडरूडांड गांव में तेज बारिश के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते परिजनों को बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए उफनती नदी पार करानी पड़ी। कई लोगों ने बच्चों को पीठ पर बैठाकर नदी पार कराई। वहीं सक्ती जिले के सोंठी गांव में सड़क नहीं होने के कारण शवयात्रा को करीब एक किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से होकर श्मशान तक ले जाना पड़ा।

पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 140 मिलीमीटर बारिश बाड़े बचेली में दर्ज की गई। इसके अलावा ओरछा और चांपा में 70-70 मिलीमीटर, कोंटा, कुटारू, भैरमगढ़, थानखम्हरिया और बरमकेला में 60-60 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं मलखरौदा, कोहकामेटा, शिवरीनारायण, जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर और सारिया में 50-50 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

एक दिन पहले कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर तेज बहाव में 20 से 25 यात्रियों से भरी एक पिकअप फंस गई थी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिलाओं और बच्चों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रायपुर में रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *