CG News: महिला सरपंच को जिंदा जलाने की धमकी, बोले- नौगई जैसा कांड करेंगे 

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत ग्राम पंचायत की महिला सरपंच को जान से मारने और नौगई जैसी घटना करने की धमकी मिली है। मामले में सरपंच ने सोनहत थाने और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन सरपंच का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

 

जानकारी के अनुसार, सोनहत ग्राम पंचायत की सरपंच मानमति सिंह ने पूर्व उपसरपंच राजेंद्र प्रसाद साहू और पंच पति जयकरण साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सरपंच का आरोप है कि 30 जून को पंचायत भवन में आयोजित बैठक के दौरान जयकरण साहू ने घर के सामने कराए गए निजी ट्यूबवेल खनन का भुगतान पंचायत की राशि से करने की मांग की।

सरपंच के अनुसार जब उन्होंने निजी कार्य का भुगतान पंचायत निधि से करने से इनकार किया, तो जयकरण साहू ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। इसके बाद वहां पहुंचे राजेंद्र प्रसाद साहू ने भी कथित रूप से सभी के सामने अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।

 

सरपंच ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने सोनहत थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद 2 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय के सामने राजेंद्र प्रसाद साहू ने उनका रास्ता रोककर दोबारा धमकी दी। उन्होंने कथित रूप से कहा कि परेशान करना बंद करो, नहीं तो नौगई जैसा कांड होगा। सरपंच का दावा है कि इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी है।

 

सरपंच मानमति सिंह ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार की सुरक्षा को खतरा है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सरपंच का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *