CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वॉशिंग पाउडर की पैकिंग की आड़ में अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमार कार्रवाई करते हुए किराए के गोदाम से गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।![]()
जानकारी के अनुसार, जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदूर गांव स्थित एक गोदाम को करीब 15 से 20 दिन पहले उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सानू ने किराए पर लिया था। उसने गोदाम मालिक को बताया था कि यहां वॉशिंग पाउडर की पैकिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए दोनों पक्षों के बीच विधिवत किरायानामा भी तैयार किया गया था।
कुछ दिनों बाद किराएदार का मोबाइल लगातार बंद आने लगा, जिससे गोदाम मालिक को संदेह हुआ। इसी बीच गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियां भी नजर आने लगीं। परिसर में तैनात गार्ड ने भी मालिक को अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। इसके बाद गोदाम मालिक ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक की मौजूदगी में ताला खोलकर जांच शुरू की। मंगलवार रात की गई छापेमार कार्रवाई में गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में जर्दा युक्त गुटखा बनाने का कच्चा माल, पैकिंग सामग्री, मिक्सर मशीन, कटर मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए गए। कई बोरियों में रखा रॉ-मटेरियल भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
मामले की जानकारी मिलते ही फूड सेफ्टी विभाग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और बरामद सामग्री को जब्त करने के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया। अब यह जांच की जा रही है कि यहां कब से अवैध रूप से गुटखा निर्माण किया जा रहा था और इसका नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गोदाम मालिक की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान गुटखा निर्माण से संबंधित कच्चा माल और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। मामले में फरार आरोपी मोहम्मद सानू की तलाश की जा रही है, जबकि आगे की कार्रवाई फूड सेफ्टी विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।



