Balodabazar Suicide: बलौदाबाजार में शिक्षिका काजल ठाकुर की संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शिक्षक ने शादी का झांसा देकर शिक्षिका से शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती होने पर शादी से इंकार कर दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी शिक्षक अभिषेक जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि मृत शिक्षिका के कमरे की गहन जांच के दौरान सुसाइड नोट, दीवार पर चिपकाए गए संदेश और मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शिक्षक अभिषेक जायसवाल को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
5 महीनों तक बनाए शारीरिक संबंध
परिजनों की शिकायत के अनुसार मृतिका एक शासकीय स्कूल में व्यावसायिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी और बलौदाबाजार में किराए के मकान में रहती थी। उसी मकान के पास रहने वाले आरोपी अभिषेक जायसवाल ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का वादा कर पिछले पांच महीनों तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान शिक्षिका गर्भवती हो गई। जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया और कथित रूप से गाली-गलौज व मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
सुसाइड नोट और दीवार पर लिखे संदेश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से बरामद सुसाइड नोट और दीवार पर लगाए गए संदेश में मृतिका ने आरोपी अभिषेक जायसवाल को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया था। पुलिस ने इन्हें मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से मृतिका और आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की। स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को दोनों के बीच संबंध, कथित प्रताड़ना और गर्भवती होने से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य मिले। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी अभिषेक कुमार जायसवाल निवासी ग्राम निमधा, थाना मरवाही, जिला पेंड्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।

