Raipur Murder: रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी मैदान में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।![]()
जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात WRS कॉलोनी के खुले मैदान में एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे सिर पर भारी पत्थर से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी।
मृतक के हाथ पर “RK सारथी” नाम गुदा हुआ मिला था, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तुषार सोनी और पीयूष मानिकपुरी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि घटना के समय वे शराब के नशे में थे। इसी दौरान मृतक के साथ हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

