Yoga Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुनियाभर में लोग योग के महत्व को समझ रहे हैं और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार माना जाता है, लेकिन इसका पूरा लाभ तभी मिलता है जब इसे सही समय और सही तरीके से किया जाए। विशेषज्ञों का कहना है कि गलत समय पर योग करने से लाभ की बजाय स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।
खाली पेट योग करना सबसे बेहतर
योग विज्ञान और आयुर्वेद के अनुसार सुबह के समय खाली पेट योगाभ्यास करना सबसे उपयुक्त माना जाता है। खाली पेट होने पर शरीर की ऊर्जा पूरी तरह योगासन और प्राणायाम पर केंद्रित रहती है। इससे शरीर अधिक लचीला बनता है, सांसों पर बेहतर नियंत्रण मिलता है और योग के सकारात्मक परिणाम जल्दी दिखाई देते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक खाली पेट योग करने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर के आंतरिक अंगों को भी बेहतर लाभ मिलता है।
भोजन के तुरंत बाद योग करना पड़ सकता है भारी
खाना खाने के बाद शरीर की अधिकांश ऊर्जा भोजन को पचाने में लगती है। ऐसे में योग या कठिन आसन करने से पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे गैस, एसिडिटी, पेट दर्द, अपच, मतली और पेट में मरोड़ जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यही कारण है कि भोजन के तुरंत बाद योग करने से बचने की सलाह दी जाती है।
योग से पहले क्या खा सकते हैं?
यदि किसी व्यक्ति को खाली पेट कमजोरी महसूस होती है तो योग शुरू करने से लगभग 30 मिनट पहले गुनगुना पानी पी सकते हैं। इसके अलावा केला, सेब या अन्य हल्के फल का सेवन किया जा सकता है। इससे शरीर को आवश्यक ऊर्जा मिलती है और योगाभ्यास के दौरान थकान महसूस नहीं होती।
सुबह समय नहीं मिलता तो क्या करें?
यदि सुबह योग करना संभव नहीं है तो दिन या शाम के समय भी योग किया जा सकता है, लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
- भारी भोजन के बाद कम से कम 3 से 4 घंटे का अंतर रखें
- हल्का नाश्ता करने के बाद 1 से 2 घंटे का अंतर रखें
- पेट लगभग खाली होने पर ही योगाभ्यास करें
भोजन के बाद सिर्फ वज्रासन कर सकते हैं
योग विशेषज्ञों के अनुसार वज्रासन एकमात्र ऐसा योगासन है जिसे भोजन के तुरंत बाद किया जा सकता है। यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाने, गैस और अपच की समस्या को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा अधिकांश योगासन खाली पेट ही करने चाहिए।
योग के बाद कब करें भोजन?
योग समाप्त होने के तुरंत बाद भोजन या अधिक मात्रा में पानी नहीं पीना चाहिए। शरीर को सामान्य स्थिति में आने के लिए समय देना आवश्यक है। योगाभ्यास के लगभग 20 से 30 मिनट बाद पानी पीना या हल्का नाश्ता करना बेहतर माना जाता है।
योग के लिए इन बातों का रखें विशेष ध्यान
योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन को संतुलित रखने की एक संपूर्ण प्रक्रिया है। सही समय, संतुलित आहार और उचित विधि के साथ किया गया योग ही बेहतर परिणाम देता है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवनशैली बेहतर बनती है।

