Kangana Ranaut: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की पहली स्क्रीनिंग में शामिल होने के लिए रविवार को रायपुर पहुंचीं। राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया।![]()
एयरपोर्ट पर पद्मश्री और विधायक अनुज शर्मा, महापौर मीनल चौबे सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत का स्वागत किया। उनके रायपुर आगमन को लेकर समर्थकों और फिल्म प्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिला।
जोरा द मॉल में होगी पहली स्क्रीनिंग
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की पहली स्क्रीनिंग जोरा द मॉल में आयोजित की जाएगी। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और मीडिया तथा दर्शकों से संवाद करेंगे।
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के बाद स्वास्थ्यकर्मियों और सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और बहादुरी की कहानी को दर्शाती है। फिल्म के माध्यम से उन लोगों के योगदान को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिन्होंने संकट की घड़ी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।


