Raipur News: बिहार के चर्चित डकैती और सामूहिक दुष्कर्म मामले में पिछले करीब 7 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र की एक निजी स्टील फैक्ट्री में मजदूर बनकर रह रहा था। सूचना मिलने पर सिलतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।![]()
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय यादव के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सिलतरा पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया।
7 साल से था फरार
सिलतरा पुलिस के अनुसार अजय यादव वर्ष 2019 में बिहार के जहानाबाद जिले में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में फरार था। उसके खिलाफ डकैती, हत्या के प्रयास, लूट, सामूहिक दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज हैं।
घटना के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी पर मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। तकनीकी जांच और खुफिया सूचना के आधार पर जहानाबाद पुलिस को आरोपी के रायपुर में छिपे होने की जानकारी मिली।
संयुक्त कार्रवाई में हुई गिरफ्तारी
जहानाबाद पुलिस ने रायपुर पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद सिलतरा चौकी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। बिहार पुलिस की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी सिलतरा स्थित एक निजी स्टील कंपनी में अपनी पहचान छिपाकर नौकरी कर रहा था और लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचा हुआ था।
कर्मचारियों के सत्यापन में लापरवाही
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कंपनी ने कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन से जुड़े निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं किया था। इसी कारण गंभीर अपराधों में वांछित आरोपी लंबे समय तक फैक्ट्री में काम करता रहा और उसकी पहचान सामने नहीं आ सकी।
पुलिस अधिकारियों ने सभी औद्योगिक संस्थानों और कंपनियों से कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



