CG By Election Results: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव की मतगणना गुरुवार को पूरी हो गई। नगरीय निकाय अध्यक्ष के 5 पदों में भाजपा ने 3 और कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होने के साथ ही चुनाव आचार संहिता भी समाप्त कर दी गई।![]()
भाजपा ने जांजगीर-चांपा के बमनीडीह, सूरजपुर के शिवनंदनपुर और कवर्धा के सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस ने बालोद के पलारी और राजनांदगांव के घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
71 पार्षद पदों में भाजपा आगे
उपचुनाव में 71 पार्षद पदों के परिणाम भी घोषित किए गए। इनमें भाजपा को 39, कांग्रेस को 30 और 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। वहीं त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव में वार्ड पंच, सरपंच और जनपद सदस्य के कुल 151 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
जगदलपुर और बिलासपुर में कांग्रेस की जीत
जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी मनोहर दत्त तिवारी को 436 वोटों से हराया। मनोहर दत्त तिवारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं।
बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 वोटों से शिकस्त दी। यह वार्ड लंबे समय से कांग्रेस का गढ़ माना जाता है।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के परिणाम
घुमका (राजनांदगांव)
कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा 85 वोटों से जीतकर नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनीं।
शिवनंदनपुर (सूरजपुर)
भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
पलारी (बालोद)
कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने भाजपा के लखन लाल गुरूपंच को 506 वोटों से हराया।
सहसपुर लोहारा (कवर्धा)
भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने कांग्रेस के रोशन वैष्णव को 762 वोटों से पराजित किया।
बमनीडीह (जांजगीर-चांपा)
भाजपा प्रत्याशी रमेश डड़सेना ने 889 वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद जीता।
कांकेर में भी कांग्रेस की जीत
कांकेर जिले के चारामा नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 13 में कांग्रेस प्रत्याशी मोहित नायक ने 286 वोटों से जीत दर्ज की। वहीं पखांजूर नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 09 में कांग्रेस की रूखमणि एट्टी ने भाजपा प्रत्याशी संजीता विश्वास को 65 वोटों से हराया।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
उपचुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा सरकार से कम हो रहा है और उपचुनाव के नतीजे इसका संकेत हैं। वहीं जगदलपुर महापौर संजय पांडेय ने पार्टी की हार की समीक्षा करने की बात कही।




