CG Liquor Shop Scam: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की सरकारी शराब दुकानों में सुरक्षा गार्डों की भर्ती और वर्दी के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। सुरक्षा गार्डों ने ठेका कंपनी के अधिकारियों पर भर्ती के लिए 35 हजार रुपए और वर्दी के नाम पर 15-15 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है।![]()
जानकारी के अनुसार जिले की विभिन्न शराब दुकानों में तैनात सुरक्षा गार्डों ने जिला आबकारी अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर बीआईएस सुरक्षा कंपनी के अधिकारियों पर जबरन वसूली का आरोप लगाया है। गार्डों ने कंपनी को छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड से ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी की है।
गार्डों ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत में कहा गया है कि बीआईएस सुरक्षा कंपनी के फील्ड ऑफिसर बृजराज सिंह चौहान प्रत्येक गार्ड से 15 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर 40 हजार से 60 हजार रुपए तक देने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही सात दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर नौकरी से निकालने और मैनपावर कंपनी बदलने की धमकी भी दी जा रही है।
पुराने कर्मचारियों पर दबाव
सरकारी शराब दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी बीआईएस कंपनी को सौंपी गई है। आरोप है कि कंपनी के अधिकारी बृजराज सिंह चौहान और फील्ड ऑफिसर दुर्गेश कुमार साहू पुराने गार्डों पर दबाव बनाकर वसूली कर रहे हैं। दुर्गेश कुमार साहू पूर्व में अन्य सुरक्षा एजेंसियों में भी फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्य कर चुके हैं।
वीडियो बनवाने और दबाव डालने का आरोप
गार्डों का आरोप है कि जो कर्मचारी पैसे देने का विरोध कर रहे हैं, उनसे दबाव बनाकर वीडियो रिकॉर्ड कराया जा रहा है, जिसमें उन्हें अपनी इच्छा से पैसे देने की बात कहनी पड़ रही है। इसी बीच एक गार्ड ने बातचीत की कथित कॉल रिकॉर्डिंग कर ली, जिसे शिकायत के साथ अधिकारियों को सौंपा गया है।
सुरक्षा गार्डों का कहना है कि उन्हें हर महीने केवल 10 से 15 हजार रुपए वेतन मिलता है। ऐसे में वर्दी और भर्ती के नाम पर हजारों रुपए की मांग उनके लिए आर्थिक संकट पैदा कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ऑडियो वायरल
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर नई भर्ती के लिए 30 से 35 हजार रुपए लेने की बात सामने आई है। ऑडियो में कुछ लोग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा करते भी सुनाई दे रहे हैं।
जिला आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि सुरक्षा गार्डों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सुरक्षा कंपनी से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


