Raigarh Video: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिकअप वाहन की फोटो खींचने को लेकर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि वाहन मालिक ने युवक को चप्पलों, लात-घूंसों से पीटा और उठाकर जमीन पर पटक दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।![]()
जानकारी के अनुसार ग्राम रेगड़ी निवासी कमलेश गुप्ता (31) लैलूंगा स्थित एक कृषि सेवा केंद्र में कर्मचारी के रूप में काम करता है। शुक्रवार सुबह कृषि केंद्र के संचालक ने पास में खड़ी एक पिकअप गाड़ी का नंबर फोटो खींचकर लाने के लिए कहा। संचालक के निर्देश पर कमलेश ने मोबाइल से वाहन की फोटो खींचकर वापस आ गया।
फोटो खींचने पर हमला
आरोप है कि इसी दौरान पास में स्थित प्रेम बाजार के संचालक धीरज मित्तल वहां पहुंचा और पिकअप की फोटो खींचने का कारण पूछने लगा। बात बढ़ने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद धीरज ने कमलेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक को चप्पलों, लात-घूंसों से पीटते और उठाकर जमीन पर पटकते हुए दिखाई दे रहा है। घटना में कमलेश के सिर, कंधे और जबड़े पर चोटें आई हैं।
कमलेश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद उसने लैलूंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत
वहीं धीरज मित्तल ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि कमलेश उसके गोदाम और दुकान के सामने वीडियो बना रहा था। मना करने पर कमलेश ने गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। धीरज का कहना है कि वह अपनी जान बचाकर दुकान में घुसा, जिसके बाद कुछ लोग वहां पहुंच गए और विवाद बढ़ गया।
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



