Raipur Job Fair: छत्तीसगढ़ में दिव्यांग युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर द्वारा 5 जून को विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज, बैरन बाजार रायपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियां शामिल होकर दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।![]()
उपसंचालक रोजगार डॉ. शशी अतुलकर ने बताया कि रोजगार मेले में अस्थिबाधित, बौने, कम सुनने वाले तथा देखने में कठिनाई वाले दिव्यांगजन भाग ले सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कई निजी कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में क्रेडालिस केपिटल प्राइवेट लिमिटेड, आई ट्रेड टेलिमेटिक्स निगरानी जीपीएस, रामा उद्योग प्राइवेट लिमिटेड, बारबर्रिक ट्रांसफॉर्मर्स, अविनाश डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, स्काई ऑटोमोबाइल (मारुति नेक्सा), विश्वभारती ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल होंगे। कंपनियां विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
11 हजार से 30 हजार रुपए तक वेतन
रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार प्रतिमाह 11 हजार रुपए से 30 हजार रुपए तक वेतन दिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति रायपुर और सिलतरा क्षेत्र में की जाएगी।
पात्रता
रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे दिव्यांगजन भाग ले सकेंगे, जो बिना व्हीलचेयर के चलने-फिरने में सक्षम हों। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा।
ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज साथ लाना जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को eRojgar पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल एवं छायाप्रति साथ लेकर उपस्थित होना होगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी eRojgar पोर्टल अथवा रोजगार कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।


