CG News: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम नागरिकों को घबराकर अतिरिक्त खरीदी या संग्रहण करने की आवश्यकता नहीं है। किसानों और आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्रदेश में करोड़ों लीटर ईंधन का स्टॉक उपलब्ध
खाद्य विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में 3 करोड़ 94 लाख 7 हजार 700 लीटर पेट्रोल और 8 करोड़ 8 लाख 83 हजार लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। राज्यभर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति के लिए कुल 2516 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं।
रबी कटाई और खरीफ सीजन के चलते बढ़ी डीजल की मांग
विभाग ने बताया कि रबी फसल की कटाई और खरीफ सीजन की तैयारी के कारण डीजल की मांग में वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए ऑयल कंपनियों के लखौली और मंदिर हसौद (रायपुर) तथा गोपालपुर (कोरबा) स्थित डिपो से जिलों को लगातार आवश्यकतानुसार ईंधन की आपूर्ति की जा रही है।
एक दिन में पहुंचा करोड़ों लीटर ईंधन
खाद्य विभाग के मुताबिक 22 मई 2026 को ही प्रदेश को 21 लाख 83 हजार लीटर पेट्रोल और 1 करोड़ 29 लाख 75 हजार लीटर डीजल प्राप्त हुआ है। इसके अलावा प्रतिदिन नियमित रूप से सप्लाई जारी है, जिससे किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है।
सभी ऑयल कंपनियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
राज्य में ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा के लिए खाद्य सचिव ने 20 मई 2026 को सभी ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन पेट्रोल पंपों में स्टॉक खत्म होने की स्थिति बने, वहां तत्काल डिपो से सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
ड्रम और जरीकेन में बिक्री पर लगाया गया प्रतिबंध
राज्य शासन ने 22 मई 2026 से प्रदेश के सभी पेट्रोल और डीजल पंपों पर ड्रम और जरीकेन में ईंधन देने पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि किसानों और कलेक्टर द्वारा चिन्हित अत्यावश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
अफवाहों से बचने की अपील
राज्य शासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में आकर पैनिक खरीदी और अनावश्यक संग्रहण न करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि जरूरत के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
