CG Breaking: Dongargarh: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम मुसरा (Dongargarh Musra village) में मंगलवार को आसमान से अचानक एक अजीबोगरीब मशीन गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। धातु जैसी संरचना वाली इस मशीन पर अंग्रेजी में “Upper Weather Atmosphere, Meteorological Department” और “South Africa Manufacturing” लिखा पाया गया। रहस्यमयी लिखावट देखकर गांव में अफवाहों का दौर शुरू हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोपहर में अचानक आसमान से जोरदार धमाके जैसी आवाज आई। जब लोग मौके पर पहुंचे तो लोहे जैसी बनी मशीन जमीन पर पड़ी मिली। उस पर मौसम विभाग और साउथ अफ्रीका से जुड़ी लिखावट साफ दिखाई दे रही थी। किसी ने इसे अंतरिक्ष यान का टुकड़ा बताया तो किसी ने मौसम विभाग का उपकरण।

विशेषज्ञों की राय (Weather Balloon in Chhattisgarh)
विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपकरण दरअसल Weather Balloon (मौसम गुब्बारा) या Atmospheric Sensor का हिस्सा हो सकता है। इन उपकरणों को ऊपरी वायुमंडल में तापमान, हवा की गति, दबाव और आर्द्रता मापने के लिए भेजा जाता है। कई बार यह गुब्बारे या यंत्र टूटकर धरती पर गिर जाते हैं।
प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने डोंगरगढ़ पुलिस को खबर दी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मशीन को कब्जे में लेकर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी। फिलहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि यह उपकरण कहां से गिरा और किस प्रोजेक्ट से जुड़ा है।
क्या है यह रहस्यमयी मशीन? (Chhattisgarh mysterious machine)
यह मशीन वास्तव में रेडियोसोंड (Radiosonde device) है। यह बैटरी से चलने वाला छोटा मौसम वैज्ञानिक यंत्र होता है, जिसे हीलियम या हाइड्रोजन से भरे गुब्बारे के साथ आसमान में भेजा जाता है। यह लगातार मौसम संबंधी आंकड़े रेडियो सिग्नल के जरिए जमीन पर मौजूद मौसम केंद्रों को भेजता है। जैसे ही गुब्बारा ऊंचाई पर जाकर फटता है, यह यंत्र नीचे गिर जाता है। बाहर से देखने में यह अजीब लगता है, लेकिन यह पूरी तरह सुरक्षित और केवल वैज्ञानिक प्रयोगों के लिए होता है।
