CG Lightning Strike: क्रिकेट खेल रहे युवक के ऊपर गिरी बिजली, हुई मौत

CG Lightning Strike

CG Lightning Strike: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरैना इलाके में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 18 वर्षीय छात्र शक्ति बिश्नोई की मौत हो गई। शक्ति अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के बीच बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया।

tcw

प्रत्यक्षदर्शी पार्थ महानंद ने बताया कि सभी बच्चे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। तभी हल्की बारिश शुरू हुई और बच्चे मैदान से वापस लौटने लगे। इसी दौरान अचानक तेज बिजली कड़की और शक्ति बिश्नोई सीधे उसकी चपेट में आ गया।

दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने घायल शक्ति को तुरंत सनसाइन हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और दोस्त उसे बी.एम. शाह हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौता बेटा था शक्ति

मृतक शक्ति बिश्नोई पुरैना का रहने वाला था और 12वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने पिता संतोष बिश्नोई का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मॉर्चुरी भेज दिया।

आकाशीय बिजली के दौरान बरतें सावधानी

विशेषज्ञों के अनुसार खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और हाईटेंशन लाइन के पास खड़े होने से बचना चाहिए। बारिश शुरू होते ही सुरक्षित भवन या घर के अंदर चले जाना चाहिए। मोबाइल चार्जिंग, बिजली उपकरण और खुले तारों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। खेत, पानी भरे इलाके और धातु की वस्तुओं के पास खड़े रहना भी खतरनाक हो सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *