Balodabazar Suicide: पति ने किया सुसाइड तो पत्नी ने भी उठाई खौफनाक कदम

Balodabazar Suicide

Balodabazar Suicide: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पति की आत्महत्या के बाद पत्नी द्वारा भी फांसी लगाने का मामला सामने आया है। पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम पठारीडीह में सोमवार को युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके अगले दिन मंगलवार को अंतिम संस्कार के दौरान उसकी नवविवाहिता पत्नी ने भी बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

tcw

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान हितेश जायसवाल (24) निवासी ग्राम पठारीडीह के रूप में हुई है। वह रायपुर में जेसीबी मशीन चलाने का काम करता था। करीब 4 महीने पहले उसकी शादी तुलसी जायसवाल से हुई थी। शादी के बाद दोनों रायपुर में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि सोमवार को हितेश बिना किसी को बताए गांव पहुंचा और गांव की एक नर्सरी में नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने शव को पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मंगलवार को हितेश का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी तुलसी जायसवाल की मानसिक स्थिति बिगड़ गई। वह रोते हुए बाथरूम में चली गई और गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसकी मां ने बाथरूम का दरवाजा खोला तो तुलसी फंदे से लटकी मिली। मां की चीख सुनकर घर में मौजूद महिलाएं मौके पर पहुंचीं और किसी तरह फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। इसके बाद परिजन उसे पलारी अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर तुलसी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *