Raipur IPL 2026: राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 13 मई को RCB और KKR के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन मौसम विभाग ने मैच के दौरान बारिश की आशंका जताई है। वहीं, पिछले मैच में स्टेडियम के अंदर महंगे खाने-पीने के सामान को लेकर दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली थी।![]()
जानकारी के मुताबिक, इस बार स्टेडियम का पूरा मैनेजमेंट RCB की ओर से संभाला जा रहा है। इससे पहले 10 मई को हुए मुकाबले में दर्शकों ने अव्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की थी। लोगों का आरोप है कि स्टेडियम में 20 रुपए की पानी की बोतल 150 रुपए में बेची गई, जबकि 60 रुपए वाला पिज्जा 300 रुपए में मिला। इसके अलावा अन्य खाने-पीने की चीजें भी काफी महंगे दामों में बेची गईं।
दर्शकों का यह भी कहना है कि स्टेडियम परिसर में कहीं भी खाने-पीने की वस्तुओं की आधिकारिक रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी, जिसका फायदा उठाकर वेंडर्स मनमानी कीमत वसूल रहे थे। हालांकि इस मामले में मैनेजमेंट की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मुकाबले से पहले KKR की टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंची और स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। बल्लेबाजों ने लंबे शॉट्स और डेथ ओवर बल्लेबाजी पर फोकस किया, जबकि गेंदबाजों ने यॉर्कर और स्लोअर गेंदों का अभ्यास किया।
प्रैक्टिस सेशन में रिंकू सिंह ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। उन्होंने नेट्स में कई लंबे शॉट लगाए और डेथ ओवर बल्लेबाजी की तैयारी की। वहीं अनुभवी ऑलराउंडर सुनिल नरेन ने अपनी स्पिन और वैरिएशन पर काम किया।
प्रैक्टिस में नजर नहीं आए कप्तान अजिंक्य रहाणे
हालांकि KKR कप्तान अजिंक्य रहाणे प्रैक्टिस सत्र में नजर नहीं आए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
खिलाड़ियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस बल तैनात रहा।



