CG Crime: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुड़गा में पुरानी रंजिश को लेकर चाचा ने अपने ही भतीजे पर हमला कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज और विवाद के दौरान भतीजे की उंगली दांत से काट दी। मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी अमित कुमार यादव (30 वर्ष) मजदूरी करने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ रानीसराय गया हुआ था। 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे गांव लौटने के बाद वह अपनी दादी सोनकुंवर यादव से मिलने उनके घर पहुंचा था।
इसी दौरान उसका चाचा रवि यादव पुरानी रंजिश को लेकर भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी रवि यादव ने अमित यादव के दाहिने हाथ की इंडेक्स उंगली को दांत से काट दिया, जिससे उंगली अलग हो गई।
घायल युवक ने पामगढ़ थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 118(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि यादव (35 वर्ष) निवासी ग्राम डुड़गा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

