CG Murder: ननद ने किया भाभी का मर्डर ! कपड़े भी फाड़े

CG Murder

CG Murder: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर में ननद ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को दुष्कर्म जैसा दिखाने के लिए शव के कपड़े फाड़ दिए, ताकि पुलिस का शक किसी और दिशा में जाए। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।tcw

घर के विवाद को लेकर होता था झगड़ा

जानकारी के मुताबिक घर के कामकाज और संपत्ति बंटवारे को लेकर ननद और भाभी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट और झगड़े हो चुके थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मालती मरकाम अपने पति से विवाद के बाद करीब 5 साल पहले मायके आकर रहने लगी थी। इसी दौरान भाभी बेलसिया छेदैया के साथ उसका विवाद बढ़ता गया।

खेत में पीछे से किया हमला

3 मई को बेलसिया छेदैया खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान आरोपी मालती मरकाम ने पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर लगातार वार करने से बेलसिया की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को निर्वस्त्र कर दिया और कपड़े फाड़ दिए, ताकि मामला दुष्कर्म और हत्या जैसा लगे।

सोशल मीडिया से सीखा तरीका

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सोशल मीडिया पर इस तरह की घटनाएं देखी थीं। उसी से प्रेरित होकर उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए यह तरीका अपनाया। हालांकि मेडिकल जांच और एफएसएल रिपोर्ट में साफ हो गया कि महिला के साथ किसी प्रकार का दुष्कर्म नहीं हुआ था।
पुलिस ने घटनास्थल से लोहे की रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन जैसे कई अहम सबूत बरामद किए। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

पहले भी कर चुकी थी हत्या की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया कि करीब 6 महीने पहले आरोपी ने भाभी का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। पुलिस ने आरोपी मालती मरकाम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *