CG News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां भाटापारा की मुख्य शाखा नहर में नहाने गए तीन बच्चे तेज बहाव में बह गए। इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और तीसरे को सुरक्षित बचा लिया गया है। मामला भाटापारा शहर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ब्लेसन डीगल उर्फ रिहान (14) निवासी कंधमाल, ओडिशा के रूप में हुई है। वह गर्मी की छुट्टियां मनाने शांति नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। बुधवार को वह अपने दो साथियों के साथ नहर में नहाने गया था। इसी दौरान तीनों गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।
घटना के दौरान बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रिहान और एक अन्य बच्चे को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक रिहान की मौत हो चुकी थी।
दूसरे घायल बच्चे को गंभीर हालत में भाटापारा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

