Raipur News: राजधानी रायपुर में टूरिज्म बोर्ड की एक महिला अधिकारी के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर न सिर्फ आपत्तिजनक बातें कीं, बल्कि संबंध बनाने की मांग भी की। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और बाद में व्हाट्सऐप पर अपनी नग्न तस्वीरें भेजकर महिला को मानसिक रूप से परेशान किया।
अज्ञात नंबर से आया कॉल
टिकरापारा थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को 30 अप्रैल की सुबह एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने महिला के निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे और अश्लील बातें करते हुए संबंध बनाने का दबाव बनाया।
विरोध करने पर दी गालियां
महिला अधिकारी ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद 4 मई को फिर उसी नंबर से कॉल और मैसेज आने लगे। इस दौरान आरोपी ने व्हाट्सऐप पर अपनी नग्न तस्वीरें भेजीं।
मानसिक तनाव में पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव से गुजर रही हैं। इस तरह की हरकतों से उनकी निजी जिंदगी भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़िता की शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने संबंधित मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



