CG Tower Video: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के जिल्दा गांव में एक युवक ने पत्नी से नाराज होकर 400 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर बैठा रहा। घटना के दौरान युवक को देख ग्रामीणों की सांसें थम गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो की तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान केवल सिंह आयाम (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले 3-4 दिनों से गांव में अपने चाचा के घर शादी समारोह में गई हुई थी और वापस नहीं लौटी थी, जिससे नाराज होकर युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक 33 हजार केवी के हाईटेंशन टावर के शीर्ष पर चढ़ गया और करीब 2 से 3 घंटे तक वहीं बैठा रहा। इस दौरान नीचे खड़े परिजन और ग्रामीण उसे लगातार समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बिजली विभाग से संपर्क कर क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कराई गई, ताकि किसी भी प्रकार के हादसे से बचा जा सके।
इसके बाद पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लंबी समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर समझाइश दी जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
देखें VIDEO

