JEE Mains Exam: JEE Mains परीक्षा में नकल करते पकड़ाया युवक, चप्पल में छिपाकर लाया मोबाइल, ऐसे खुली पोल

JEE Mains Exam

JEE Mains Exam: दुर्ग जिले से JEE मेंस परीक्षा के दौरान नकल का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में एक परीक्षार्थी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन गार्ड की सतर्कता से उसकी चालाकी पकड़ में आ गई। (भिलाई जेईई मेंस चप्पल में मोबाइल छिपाकर नकल)

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह 9 बजे से जेईई मेंस की परीक्षा शुरू हुई थी। पहली पाली में परीक्षार्थी आदित्य परीक्षा केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान उसने चालाकी दिखाते हुए अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं, जिससे मेटल डिटेक्टर की जांच में वह बच गया। इसके बाद वह परीक्षा हॉल में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया। (दुर्ग JEE मेंस नकल)

परीक्षा के दौरान सुबह करीब 11:08 बजे उसने वॉशरूम जाने की अनुमति ली और लगभग 20 मिनट तक बाहर रहा। वापस लौटने पर सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की। इस बार भी उसने चप्पलें उतारकर जांच से बचने की कोशिश की।

ऐसे खुली पोल (Durg JEE Mains cheating)

जांच के बाद जब वह चप्पल पहनकर वापस हॉल की ओर बढ़ा तो गार्ड की नजर उसकी चाल पर पड़ी। वह चप्पलों को घसीटते हुए संदिग्ध तरीके से चल रहा था। शक होने पर गार्ड ने उसे रोका और चप्पलों की बारीकी से जांच की, जिसमें मोबाइल फोन बरामद हुआ। (Bhilai JEE Mains cheating)

चप्पल में बनाया था मोबाइल छिपाने का जुगाड़

आरोपी छात्र ने चप्पल के तलवे को काटकर उसके अंदर मोबाइल रखने के लिए विशेष जगह बनाई थी। मोबाइल पूरी तरह छिपा हुआ था, जिससे वह आसानी से जांच से बच सके।

घटना की जानकारी तुरंत वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए अधिकारियों को दी गई। इसके बाद आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *