Mahasamund Ganja Taskari: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर 5 अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 685 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त की है। इस दौरान कुल 4.61 करोड़ रुपए से अधिक का सामान जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत करीब 3.42 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 13 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार कई राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि तस्कर ट्रक, पिकअप, कार और बाइक के जरिए गांजा की सप्लाई कर रहे थे। वे घरेलू सामान की आड़ में गांजा छिपाकर तस्करी करते थे, ताकि किसी को शक न हो।

यह संयुक्त कार्रवाई बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा और महासमुंद थाना क्षेत्रों की पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी है।
