CG Budget Session 2026: विधानसभा में अफीम की खेती को लेकर हंगामा, विपक्ष ने ‘धान का कटोरा’ को ‘अफीम का कटोरा’ बनाने का लगाया आरोप

CG Budget Session 2026

CG Budget Session 2026: होली के अवकाश के बाद आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र 2026 की कार्रवाई एक बार फिर शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ में कथित अफीम की अवैध खेती को लेकर विधानसभा में सियासत गरमा गई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर एक व्यक्ति अपनी निजी जमीन पर अफीम की खेती कर रहा है और यह सब प्रशासन के संरक्षण में हो रहा है।

CG Budget Session 2026

 

डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि पूरा छत्तीसगढ़ नशे की समस्या से जूझ रहा है, जबकि किसानों के धान की खरीदी नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़, जिसे धान का कटोरा कहा जाता है, उसे अफीम का कटोरा बनाने की कोशिश की जा रही है और इसमें शासन के कई लोग शामिल हैं।

इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा कि इस मामले में कांग्रेस की भी भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह खेती आज से नहीं बल्कि करीब चार साल से चल रही है और जिस जगह की बात की जा रही है वह पाटन से करीब 40 किलोमीटर दूर है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि होली से पहले गांव के कुछ लोग लकड़ी इकट्ठा करने गए थे, तभी उन्होंने चने के खेत के बीच अफीम की खेती देखी। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर ने विनायक ताम्रकार के खेत में अफीम की खेती की बात कही, लेकिन FIR में नौकर को मुख्य आरोपी बनाया गया है और असली आरोपी का नाम तीसरे नंबर पर है। उन्होंने कहा कि मामले में लीपापोती की कोशिश की जा रही है।

वहीं उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि 6 मार्च को दुर्ग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि समोद गांव के एक फार्म हाउस में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि अगले दिन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई की गई और मौके से ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में करीब 6 हजार 242 किलोग्राम अफीम जब्त की गई।

गृहमंत्री ने कहा कि बीते दो वर्षों में नशे के खिलाफ दो हजार से अधिक मामलों में पांच हजार से ज्यादा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी जिलों में टास्क फोर्स का गठन किया गया है और आरोपियों व सप्लायरों के खिलाफ वित्तीय जांच भी की जा रही है। अब तक 16 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

इस पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में अफीम की खेती की सूचना मिलती रही है। उन्होंने कहा कि अगर गांवों में इस तरह का नशा पैदा होगा तो यह बेहद खतरनाक स्थिति होगी और इससे आने वाली पीढ़ी पर गंभीर असर पड़ सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *