CG Ganja Smuggling: पुलिसकर्मी भी गांजा तस्करी में शामिल; दो आरोपी गिरफ्तार, आरक्षक फरार

CG Ganja Smuggling:

CG Ganja Smuggling: महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में एक पुलिस आरक्षक का नाम सामने आया है। सांकरा पुलिस ने इस मामले में एक आरक्षक सहित तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि आरोपी आरक्षक फरार है।

मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा के बरगढ़ जिले के जगदलपुर निवासी टीटू उर्फ सोलन दास (38) को एक स्कूटी के साथ पकड़ा। उसके पास से पीले रंग के कैरी बैग में करीब 4.87 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि एक मार्च को बसना थाना में पदस्थ आरक्षक पीयूष शर्मा और अखराभांठा निवासी धर्मेंद्र सोनी ने उसे करीब 18 किलोग्राम गांजा लाकर दिया था। इसके आधार पर सांकरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आरक्षक पीयूष शर्मा फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 18 किलो 47 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपए बताई जा रही है, एक बिना नंबर की स्कूटी, आरक्षक पीयूष शर्मा की बुलेट मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है।

गौरतलब है कि करीब दो माह पहले भी रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक चंद्रशेखर साहू को शिवरीनारायण पुलिस ने 15.700 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में 6 फरवरी को एसपी ने आरक्षक को बर्खास्त कर दिया था। फिलहाल पुलिस फरार आरक्षक की तलाश में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *