Mahasamund Murder: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के जंगल में एक नाबालिग युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बता दें, युवक बीते 15 दिनों से लापता था। पुलिस ने मामले में हत्या सहित सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्वा निवासी 17 वर्षीय उद्रेश वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उद्रेश वर्मा 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने महासमुंद जिले के जमदरहा पंचायत के आश्रित गांव जमनीडीह में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की इच्छा जताई। दोस्तों के मना करने के बावजूद वह रात करीब 11 बजे वहां पहुंचा और दोस्त के मोबाइल से गर्लफ्रेंड को कॉल कर उससे मिला। इसके बाद से वह लापता हो गया।

दोस्त ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
30 जनवरी को उसके दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में उद्रेश के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद युवक का इस्तेमाल किया गया मोबाइल गांव के पास मिला, जिससे पुलिस ने तलाश तेज कर दी। डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।
जंगल में मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
दोपहर करीब 2 बजे तलाशी दल को युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव मिला। मौके पर फॉरेंसिक टीम पहुंची और सबूत जुटाए। शव के कुछ हिस्से जानवरों द्वारा खाए जाने की बात सामने आई है। शव की हालत खराब होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए उसे रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
गर्लफ्रेंड और परिजनों से पूछताछ जारी
पुलिस उद्रेश की गर्लफ्रेंड और उसके परिवार से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और वे फोन पर नियमित बातचीत करते थे।
एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि जंगल से नाबालिग का शव बरामद हुआ है। मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
