Jagdalpur Accident: बारसूर-चित्रकोट मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मारडुम थाना क्षेत्र के मेंद्री घूमर मोड़ के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में मृतकों की पहचान राम रतन ठाकुर (20 वर्ष), रूपेंद्र नेताम (25 वर्ष) और खिलेश्वर नेताम (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मृतक गरियाबंद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
