Khairagarh Murder: झूला विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

Khairagarh Murder: खैरागढ़ जिले के ग्राम पिपलाकछार में आयोजित मंडई मेले के दौरान झूले में कूदने को लेकर हुए विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 13 जनवरी 2026 की है। प्रार्थी देशबंधु पटेल की रिपोर्ट पर दर्ज मामले में बताया गया कि पिपलाकछार के बाजार चौक में मंडई मेला चल रहा था। शाम करीब 7 बजे कुछ युवकों के बीच झूले को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ता देख मोरध्वज पटेल (26) बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद ने धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल मोरध्वज को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 14 जनवरी को मुख्य आरोपी हेमचंद निषाद (निवासी अमलीडीह खुर्द) को गिरफ्तार किया। नाबालिग की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग को पुलिस हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *