Raigarh Murder: चरित्र संदेह में पति ने बकरा काटने वाले हथियार से पत्नी का काटा गला, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Raigarh Murder:

Raigarh Murder: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जूटमिल थाना क्षेत्र में एक पति ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने बकरा काटने वाले लोहे के हथियार से पत्नी का गला काट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

चरित्र संदेह को लेकर अक्सर झगड़ा होता था

जानकारी के मुताबिक पुसौर के नवापारा का रहने वाला सेतु चौहान (34 साल) पिछले कुछ समय से पत्नी निशा चौहान (30 साल) और दो बच्चों के साथ चमड़ा गोदाम में किराए के मकान में रह रहा था। उसे पत्नी पर चरित्र संदेह था। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार बहस होती थी। 1 जनवरी 2026 की रात दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ।

इसके बाद रात करीब 8 बजे सेतु पत्नी को सांगीतराई से बनसिया रोड पर लेकर गया और वहां उसके गर्दन पर लोहे के कत्ते (बकरा-मुर्गा काटने का हथियार) से हमला कर दिया। निशा खून से लथपथ होकर गिर गई और मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर सेतु जूटमिल थाना पहुंचा और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

खून से लथपथ पड़ी थी लाश

जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। सड़क किनारे खून से सनी हुई निशा की लाश पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजवाया। बताया जा रहा है कि सेतु को जेल कॉम्पलेक्स क्षेत्र में रहने वाले किसी युवक के साथ पत्नी का अफेयर होने का संदेह था। जिसके कारण उसने घटना को अंजाम दिया।

मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही

इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत आहेर ने बताया कि रात की घटना है। आरोपी ने चरित्र शंका में पत्नी की हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *