Bilaspur News: मंगलसूत्र और नगदी छीनकर भाग रहीं 3 महिलाएं गिरफ्तार, ऑटो में ध्यान भटकाकर की चोरी

Bilaspur News:

Bilaspur News: बिलासपुर शहर में मंगलसूत्र स्नेचिंग की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। उसलापुर ओवरब्रिज के पास एक महिला का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो रहीं तीन महिलाओं को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है।

सिविल लाइन CSP निमितेष सिंह ने बताया कि अटल आवास सकरी निवासी मनीषा सोनी, जो पेशे से एलआईसी एजेंट हैं, मंगलवार दोपहर अपने पति नर्मदा प्रसाद सोनी के साथ ऑटो से बच्चों को स्कूल से लेने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में पांच महिलाओं ने ऑटो रुकवाकर नेहरू चौक चलने की बात कही।

ऑटो में बैठते ही बाल खींचकर बदली सीट

मनीषा के पति ने उन महिलाओं को ऑटो में बैठा लिया। उसलापुर ओवरब्रिज के पास ऑटो में बैठी एक महिला ने पीछे से मनीषा के बाल खींचे। जब मनीषा ने पीछे मुड़कर देखा, तो उस महिला ने उन्हें दूसरी सीट पर बैठने को कहा। इसी दौरान, उन्हीं में से एक अन्य महिला ने मनीषा को बीच वाली सीट पर बैठने के लिए कहा।

सीट बदलते ही मंगलसूत्र हुआ गायब

जब मनीषा दूसरी सीट पर गईं, तो उन्हें अपने गले से सोने का मंगलसूत्र गायब मिला। मनीषा ने तुरंत अपने पति को ऑटो रोकने के लिए कहा और शोर मचाया। इस बीच आरोपी महिलाएं उसलापुर रेलवे स्टेशन की ओर भागने लगीं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल चोर महिलाओं की तलाश शुरू की।

तीनों आरोपी महिलाएं गिरफ्तार

कुछ ही देर में पुलिस टीम ने सूरजपुर जिले के जय नगर थाना क्षेत्र के महेशपुरमुरा निवासी रचना गिरी गोस्वामी (25), रजन गिरी गोस्वामी (32) और कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा निवासी कौशिल्या गिरी गोस्वामी (30) को पकड़ लिया। उनके कब्जे से सोने का मंगलसूत्र जब्त किया गया। तीनों कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *