जांजगीर-चांपा | CG BREAKING : जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। हसदेव नदी में नहाने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। लगभग 26 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद गुरुवार सुबह तीनों के शव बरामद कर लिए गए। इस हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।

मृतकों में 15 वर्षीय नेल्सन लकड़ा शामिल है, जो सक्ती जिले में पदस्थ ASI नजारियूस एक्का का बेटा था। दूसरा बच्चा 14 वर्षीय युवराज राठौर है, जिसके पिता दिनेश राठौर एक प्लांट में कर्मचारी हैं। तीसरा बच्चा 11 वर्षीय रुद्र सिंह राज था, जिसके पिता जयचंद राज किराना दुकान चलाते हैं। तीनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह स्कूल की छुट्टी होने पर तीनों दोस्त साइकिल से हनुमान धारा नहाने पहुंचे थे। लेकिन शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोज के दौरान त्रिदेव घाट के पास उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर SDRF और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मृतक रुद्र कक्षा 5, युवराज कक्षा 8 और नेल्सन कक्षा 9 में पढ़ते थे। तीनों जगदल्ला कॉलोनी स्थित मनका पब्लिक स्कूल के छात्र थे।
बच्चों की खोजबीन में तेजी लाने के लिए हसदेव नदी के पानी का प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया। SDM पवन कोसमा ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बुधवार शाम तक लगातार तलाश चलती रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह रेस्क्यू टीम ने फिर से तलाश शुरू की और कुछ ही देर बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए।

चांपा SDM पवन कोसमा ने बताया कि बच्चों के मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम घटनास्थल तक पहुंची थी। नदी में उस वक्त बहाव तेज था, हालांकि एनिकट से पानी का प्रवाह कम कर तलाशी अभियान को आसान बनाया गया। आखिरकार तीनों मासूमों के शव मिल गए, जिससे परिवारों में मातम का माहौल है।


