रायपुर | CG Weather : मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर समेत 17 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक इन जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर चल सकती है। सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। इन चार शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है, जिनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा और जगदलपुर शामिल हैं। मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे चला गया और वहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई हैं।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3°C, पेंड्रा में 10°C और जगदलपुर में 9.9°C दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 30.9°C दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट. गौरेला-पेण्ड्रा-मारवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा शामिल हैं।
रायपुर में नगर निगम ने कई जगहों पर अलाव का इंतजाम किया
रायपुर में शीतलहर का असर बढ़ते ही नगर निगम ने आम लोगों को राहत देने के लिए शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। निगम ने 12 से अधिक लोकेशन पर रातभर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बेघर, राहगीरों और आम नागरिकों को ठंड से तुरंत राहत मिल सके।
रायपुर नगर निगम की मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देशों के बाद सभी जोन कमिश्नरों और जोन हेल्थ अधिकारियों से रात में फील्ड में रहने और अलाव के इंतजाम की निगरानी करने को कहा गया है।स्वास्थ्य विभाग ने भी जारी की एडवाइजरी
इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी है कि अचानक तापमान में उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि शीतलहर के दौरान, केवल आवश्यकता होने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें।
