दुर्ग | CG BIG NEWS : जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शादीशुदा युवक ने अपनी ही प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों केटरिंग का काम करते थे और इसी दौरान दोनों करीब आए थे। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।

7 दिसंबर की शाम आरोपी विजय बांधे (24) उर्मिला निषाद (30) को घर से यह कहकर ले गया कि उसे शादी का काम है। रास्ते में दोनों ने मोमोज और चायनीज़ पकौड़ा भी खाया। लेकिन इसी बीच विजय उसे नहर किनारे सुनसान जगह में ले गया और पहले चापर से उसके गले पर हमला कर दिया। उर्मिला गिर गई तो आरोपी ने कई वार और कर दिए।

पहचान मिटाने के लिए विजय ने पेट्रोल डालकर प्रेमिका के शव को जला दिया। शव पूरी तरह जल जाए इसके लिए आसपास से पैरा लाकर आग में डालता रहा। वारदात के बाद वह अपने गांव करगाडीह भाग गया। अगले ही दिन जब लाश मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया। डर की वजह से आरोपी खुद ही सुपेला थाना पहुंचा और उल्टा उर्मिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने लगा। पुलिस को उसकी कहानी संदिग्ध लगी, पूछताछ की गई तो अपराध कबूल लिया।

जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद था। उर्मिला शादी का दबाव बना रही थी जबकि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी गर्भवती है। बता दें कि पिछले 15 दिनों से वह हत्या की योजना बना रहा था। फ़िलहाल पुलिस ने आरोपी विजय बांधे को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कपड़ों से खून के निशान भी बरामद कर मामले की आगे जांच की जा रही है।

