CG Electricity Bill: छत्तीसगढ़ की जनता के लिए आज से बड़ी राहत शुरू हो गई है। राज्य सरकार की 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना आज से लागू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र में इसकी घोषणा की थी। नई व्यवस्था के लागू होते ही लाखों घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि 200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले सभी घरेलू उपभोक्ताओं को पूरा लाभ मिलेगा, लेकिन यदि कोई उपभोक्ता 201 यूनिट भी खर्च करता है तो उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि 36 लाख घरेलू उपभोक्ता इस योजना से सीधे लाभान्वित होंगे। वहीं 200 से 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले 6 लाख उपभोक्ताओं को भी अगले 1 वर्ष तक 200 यूनिट तक हाफ बिजली का फायदा मिलता रहेगा।
सरकार का कहना है कि इस 1 वर्ष की अवधि में उपभोक्ता अपने घरों में PM सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगवा सकते हैं, ताकि आगे वे पूरी तरह लाभान्वित हो सकें।

गौरतलब है कि इससे पहले 1 अगस्त 2025 को राज्य सरकार ने हाफ बिजली बिल योजना में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व में लागू 400 यूनिट सीमा को घटाकर 100 यूनिट कर दिया था। इससे लाखों उपभोक्ताओं पर असर पड़ा था। अब नई घोषणा के साथ सरकार ने फिर से उपभोक्ताओं को राहत देने का निर्णय लिया है।
CG Electricity Bill: अब 200 यूनिट तक बिजली बिल होगा हाफ, 1 दिसंबर से लागू
