Raipur News: रायपुर में स्काई वॉक के निर्माण कार्य को दोबारा शुरू किया जा रहा है, जिसके चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्लान में बड़ा बदलाव किया गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 27 नवंबर से शास्त्री चौक के आसपास दो महत्वपूर्ण मार्गों पर रात के समय वन-वे व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था कुल 1 महीने तक जारी रहेगी।
नए नियम के तहत हर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ट्रैफिक वन-वे रहेगा। पहले 15 दिनों तक शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग होते हुए जयस्तंभ चौक तक वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके बाद अगले 15 दिनों तक शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक तक रात में वन-वे रखा जाएगा। इस तरह दो चरणों में अलग-अलग रूट फॉलो करने होंगे।

रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स लगाए जाएंगे
प्रशासन ने कहा है कि मार्ग में बदलाव के कारण लोगों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए पूरे रूट पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। बंद किए गए रास्तों के प्रवेश और निकास स्थानों पर रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स लगाए जाएंगे, ताकि रात के समय भी रास्ता साफ दिखे।
इसके अलावा, ट्रैफिक को सही दिशा में मोड़ने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशिक्षित गार्ड भी तैनात किए जाएंगे। वन-वे की शुरुआत और अंत में सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को पहले से पूरी जानकारी मिल सके।
ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील
कलेक्टर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षा और सुविधा के लिए तय किए गए इस अस्थायी ट्रैफिक प्लान का पालन करें, ताकि स्काई वॉक का काम बिना किसी रुकावट और दुर्घटना के पूरा किया जा सके।
