Raipur Airport Security: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार रात हुए धमाके के बाद छत्तीसगढ़ में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में मंगलवार सुबह विशेष जांच अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने एयरपोर्ट परिसर के हर हिस्से को स्कैन किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिल्ली घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने रात से ही शहर के प्रमुख स्थलों- रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी थी। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।



संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है। बम निरोधक दल (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वाड को किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
