Bilaspur News: न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार देर रात अरपा नदी में एक हाईकोर्ट अधिवक्ता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना अरपा नदी के पुराने पुल के पास की है। बताया जाता है कि रात में कुछ युवक रिवर व्यू क्षेत्र में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें नदी की तेज धारा में किसी व्यक्ति का हाथ दिखाई दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान भाटापारा निवासी और वर्तमान में मंगला में रह रहे अधिवक्ता राहुल अग्रवाल के रूप में की गई है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मृतक राहुल अग्रवाल (Rahul Agrawal Death Bilaspur Arpa River) पिछले सात वर्षों से बिलासपुर हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे थे और मंगला क्षेत्र में रहते थे। गुरुवार रात वे अपने एक मित्र की शादी में मोपका गए थे। देर रात उनकी कार अरपा पुल के बीचों-बीच खड़ी पाई गई, जिसे पुलिस ने लावारिस समझकर थाने में ले जाकर खड़ा करवा दिया था। इसी बीच परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शव जिस स्थान पर मिला है, उसी क्षेत्र के ऊपर पुल पर कार खड़ा मिला था। इस कारण पुलिस आत्महत्या की संभावना पर भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
