Surajpur Accident: दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी आग, 2 लोगों की मौत, 2 घायल

Surajpur Accident

Surajpur Accident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोटमी गांव के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, सरिया से भरा हुआ एक ट्रक अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर आ रहा था। उसी दौरान गेहूं से भरा एक अन्य ट्रक उड़ीसा की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार में दोनों ट्रक एक-दूसरे से भिड़ गए, जिससे टक्कर के बाद आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि ट्रकों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, घायलों का इलाज सूरजपुर जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *