CG Murder: सड़क किनारे मिली राजमिस्त्री की लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका

CG Murder

CG Murder: अंबिकापुर: मैनपाट थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक युवक का संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक राजमिस्त्री का काम करता था।

मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी राजू कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ महीनों से मैनपाट क्षेत्र में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, ग्राम कुदारीडीह में निर्माणाधीन कॉलोनी में पश्चिम बंगाल के दो युवक राजमिस्त्री के रूप में कार्यरत थे। ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार रात शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद से ही एक युवक लापता था और मंगलवार सुबह दूसरे युवक का शव सड़क किनारे मिला।

घटना की सूचना पर कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी मनोज प्रजापति ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक का सिर कुचलकर हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे ने पत्थर से वार कर हत्या की होगी।

वहीं, घटना के बाद दूसरा युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल कमलेश्वरपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *