Durg Fraud: महिला तांत्रिक ने पूजा-पाठ से पैसे दुगुने नहीं, 100 गुना बढ़ाने का दिया झांसा, 3 गिरफ्तार

Durg Fraud

Durg Fraud: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लोगों को पूजा-पाठ के जरिए पैसे को 100 गुना बढ़ाने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने इस मामले में एक महिला तांत्रिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 7 मोबाइल, एक लाख रुपये नकद और एक सफेद अर्टिगा कार जब्त की गई है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामकुमार जायसवाल जो पेशे से ड्राइवर है, आर्थिक तंगी से परेशान था। उसने अपने परिचित जामगांव निवासी राजू से मदद मांगी। राजू ने उसे महाराष्ट्र निवासी छोटू नाम के व्यक्ति से मिलवाया, जिसने दावा किया कि वे लोग पूजा-पाठ से पैसे को “100 गुना बढ़ा” सकते हैं। छोटू ने रामकुमार को मंदा पासवान नामक महिला से संपर्क करने की सलाह दी।

पहले देखिए इन तस्वीरों को…

मंदा पासवान, जो महाराष्ट्र के यवतमाल की रहने वाली है, ने रामकुमार को विश्वास दिलाया कि वह उसके 11 लाख रुपये को 11 करोड़ में बदल सकती है। वह 1 नवंबर को दुर्ग पहुंची और बस स्टैंड के पास रामकुमार से मिली। वह दो साथियों- अमरदीप प्रहलाद और संजय विलास के साथ एक सफेद अर्टिगा कार में आई थी।

रामकुमार ने पूजा-पाठ के लिए एक लाख रुपये नकद, चावल, आटा, नींबू, और अन्य सामग्री दी। रात 8 बजे पूजा शुरू हुई। कुछ देर बाद मंदा पासवान ने उससे सिंदूर की डिब्बी लाने को कहा। जब वह वापस लौटा, तो तीनों आरोपी कार लेकर फरार हो चुके थे।

ठगी का एहसास होने पर रामकुमार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलगांव पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि भागते वक्त आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर पहचान छिपाने की कोशिश की थी।

ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि तीनों आरोपियों- मंदा पासवान (यवतमाल, महाराष्ट्र), अमरदीप प्रहलाद और संजय विलास को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *