Bilaspur Suicide: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। संदीपनी नर्सिंग कॉलेज की छात्रा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार शाम की है। छात्रा सुबह अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज गई थी, लेकिन दोपहर में वह अकेली हॉस्टल लौट आई थी। शाम को जब उसकी सहेलियां वापस आईं, तो उन्होंने नर्सिंग छात्रा को कमरे में फांसी के फंदे पर लटकते हुए देखा।
सहेलियों ने दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के पेंड्री स्थित एक प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल की है। 22 वर्षीय यामिनी कोसले (Yamini Kosle suicide Pendri Hostel) को फांसी पर लटकता देख हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। सहेलियों ने तुरंत हॉस्टल संचालक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

जांच जारी
पुलिस ने बताया कि छात्रा के कमरे की तलाशी ली गई है, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। छात्रा के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
मोबाइल पर आते थे अनजान कॉल
जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि यामिनी के मोबाइल पर लगातार कुछ अनजान नंबरों से कॉल आ रहे थे। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स (CDR) की जांच कर रही है। साथ ही छात्रा के साथ रहने वाली सहेलियों से भी पूछताछ की जा रही है।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
फोरेंसिक टीम ने हॉस्टल रूम का निरीक्षण किया और प्राथमिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आत्महत्या या किसी अन्य कारण की संभावना को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है।
