CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मोंथा का असर जारी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग में आज झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, फसल कटाई में जुटे किसानों के लिए यह बारिश परेशानी का सबब बन सकती है, क्योंकि धान की फसल अब पककर तैयार है।

मोंथा तूफान का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवात मोंथा उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह वर्तमान में जगदलपुर से लगभग 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है। इसके आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ को पार कर अवदाब (Low Pressure) में परिवर्तित होने की संभावना है।
प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में आज हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

किसानों के लिए बढ़ीं मुश्किलें
धान की फसल कटाई के बीच लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में गिरी हुई फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कई इलाकों में बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। हल्की वर्षा के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

8 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज 8 जिलों- कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, रायगढ़, बिलासपुर और GPM (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दिखेगा मोंथा तूफान का असर, आज कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार
