Rajim Raipur Train Accident: राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन में हादसा, चलती ट्रेन से गिरा यात्री

Rajim Raipur Train Accident: राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन में एक बड़ा हादसा हो गया। मानिकचौरी रेलवे स्टेशन पर एक यात्री चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सोमवार सुबह का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की तत्परता और मानवता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में मददगार हमेशा मौजूद रहते हैं।

जानकारी के मुताबिक, गोबरा नवापारा नगर के भोईपारा निवासी पारस कंडरा अपने परिवार के साथ रायपुर जाने के लिए मेमू ट्रेन में सवार हुआ था। बताया जा रहा है कि राजिम स्टेशन पर टिकट काउंटर पर अधिक भीड़ होने के कारण पारस टिकट नहीं ले सका और बिना टिकट यात्रा शुरू कर दी।

जब ट्रेन मानिकचौरी स्टेशन पर पहुंची, तो पारस ने टिकट खरीदने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरने का फैसला किया। उसी दौरान ट्रेन अचानक चल पड़ी। ट्रेन पकड़ने की कोशिश में पारस का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पारस को उठाया और पुलिस व रेलवे स्टाफ के आने से पहले ही नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। समय रहते मिली चिकित्सा सहायता से उसकी जान बच गई।

वर्तमान में घायल पारस का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से दुर्ग जिले का निवासी है और इन दिनों अपने साढ़ू के घर नवापारा में रहकर काम कर रहा था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *