Raipur News: राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज साल का पहला जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेशभर से आए नागरिकों से सीधे मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। 13 नवंबर 2025 के बाद यह पहला अवसर है, जब मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन का आयोजन हो रहा है।
जनदर्शन के दौरान आमजन अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। मुख्यमंत्री मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश देंगे। कार्यक्रम में प्राप्त सभी आवेदन कंप्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे, ताकि उनके निराकरण की सतत निगरानी की जा सके।

हर आवेदन पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहले ही अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया है कि जनदर्शन में मिलने वाले हर आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ तुरंत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि जनदर्शन का उद्देश्य केवल शिकायतें लेना नहीं, बल्कि आम लोगों को समयबद्ध समाधान देना है।
सरकार का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं और शासन की जवाबदेही को मजबूत बनाते हैं।

13 नवंबर 2025 को हुआ था पिछला जनदर्शन
बता दें कि प्रदेश में पहला जनदर्शन कार्यक्रम 27 जून 2024 को हुआ था। इससे पहले मुख्यमंत्री निवास में 13 नवंबर 2025 को जनदर्शन आयोजित किया गया था। उस दौरान यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चला था।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए नागरिकों से मुलाकात की थी और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे।
जनदर्शन की पूरी प्रक्रिया उस समय भी कंप्यूटरीकृत रही थी, जिससे शिकायतों की निगरानी और समाधान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकी।
