CG Rape Case: बलरामपुर जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बलरामपुर पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक सत्येंद्र पाठक पर 21 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। छात्रा ने आरोप लगाया कि पहले आरक्षक ने कसम खाकर मामले को दबा दिया, लेकिन बाद में दोबारा उसके साथ दुष्कर्म किया। थाने में शिकायत करने पर भी पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। अंततः सरगुजा IG के हस्तक्षेप पर मामला दर्ज हुआ।

क्या है पूरा मामला?
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय छात्रा बलरामपुर में अपने रिश्तेदारों (पति-पत्नी) के साथ रहकर BA फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी। दोनों रिश्तेदार बलरामपुर पुलिस में पदस्थ हैं। इसी दौरान छात्रा का परिचय वाहन शाखा में पदस्थ आरक्षक सत्येंद्र पाठक से हुआ।
पहली बार किया दुष्कर्म
22 फरवरी 2025 को छात्रा के रिश्तेदार ड्यूटी पर गए थे। इसी दौरान सत्येंद्र पाठक घर में घुसा और छात्रा से जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी छात्रा ने रिश्तेदारों को दी। जब उन्होंने आरक्षक से बात की तो उसने दोबारा ऐसा न करने की कसम खाई।
फिर दोहराई दुष्कर्म की वारदात
करीब दो हफ्ते बाद आरोपी आरक्षक छात्रा को अकेले देखकर अपनी स्कूटी पर बैठाकर अपने क्वार्टर ले गया और वहां भी दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, घटना की जानकारी किसी को देने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
छात्रा को पढ़ाई छोड़नी पड़ी
डर और शर्मिंदगी के चलते छात्रा ने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और घर लौट गई। अप्रैल 2025 में उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद शिकायत बलरामपुर थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की।
IG के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
परेशान होकर छात्रा ने मामले की शिकायत सरगुजा IG से की। IG ने बगीचा पुलिस को FIR दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके बाद 22 सितंबर 2025 को आरोपी आरक्षक सत्येंद्र पाठक के खिलाफ धारा 332(ख) एवं 64(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। केस डायरी बलरामपुर पुलिस को भेज दी गई है और मामले की जांच जारी है।
