Chhath Puja 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट में अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ पहुंचकर उगते सूर्यदेव को उषा अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, खुशहाली और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सूर्य, जल और प्रकृति के महत्व को समझने तथा उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के आयोजन में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में पवित्रता, अनुशासन, संयम और समर्पण की भावना दिखाई देती है, जो भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को दर्शाती है।
छठ पर्व को लेकर विशेष आस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुनकुरी सहित पूरे जशपुर जिले में छठ महापर्व को लेकर लोगों में गहरी आस्था है। यहां यह पर्व श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। छठ केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, पारिवारिक संबंधों और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं समाज को एकजुट रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने का कार्य करती हैं। छठ पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण और उसके प्रति सम्मान का संदेश भी देता है।
मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से प्रदेश के हर परिवार में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बनी रहे। छत्तीसगढ़ विकास और प्रगति के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ता रहे तथा लोगों के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हो।


